APTICON 2026: रायपुर में जुटेंगे 1,700 प्रतिभागी

रायपुर। एसोसिएशन ऑफ फार्मास्युटिकल टीचर्स ऑफ इंडिया (APTI) का 28वां राष्ट्रीय वार्षिक अधिवेशन APTICON 2026 रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होगा। “फार्मा शिक्षकों का संकल्प: आत्मनिर्भर भारत के लिए विकसित फार्मासिस्ट” थीम पर होने वाले इस अधिवेशन में लगभग 1,780 प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है।

APTI सेंट्रल जोन और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के 73 से अधिक तथा देशभर के 350 से अधिक फार्मेसी महाविद्यालयों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम में शिक्षा जगत और फार्मास्युटिकल उद्योग के 20 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे। वैज्ञानिक सत्रों में चार पैनल चर्चाओं के माध्यम से फार्मेसी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और उद्योग की आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

अधिवेशन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका की उपस्थिति में होगा। वहीं, 24 अक्टूबर को आयोजित APTI पुरस्कार समारोह में फार्मास्युटिकल शिक्षा, अनुसंधान और व्यावसायिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित फार्मेसी क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

इस राष्ट्रीय आयोजन से फार्मेसी शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, दक्ष और नैतिक मूल्यों से युक्त फार्मासिस्ट तैयार करने तथा देश की स्वास्थ्य सेवाओं और औषधि अनुसंधान को मजबूत बनाने की दिशा में भी यह अधिवेशन महत्वपूर्ण साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *