चुटूपालू और चरही घाटी में ब्लैक स्पॉट सुधार के लिए केन्द्र ने दी 239.40 करोड़ रुपए की स्वीकृति

नई दिल्ली/रांची (SHABD): झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर चुटूपालू और चरही घाटी में दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट के सुधार के लिए 239.40 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पत्र के माध्यम से संजय सेठ को इसकी जानकारी दी है।

स्वीकृत परियोजना के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-33, जिसे नया एनएच-20 भी कहा जाता है, के चुटूपालू और चरही घाटी खंड में कुल 5.99 किलोमीटर सड़क का सुधार और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे। संजय सेठ ने कहा कि दोनों घाटियां लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रही हैं। इन क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना प्राथमिकता रही है।

उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *