एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर शिकंजा, मसूरी और देहरादून क्षेत्र में सात अवैध निर्माण सील किए

देहरादून (SHABD)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण-एमडीडीए ने मसूरी और देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में बिना मानचित्र स्वीकृति और आवश्यक अनुमति के बगैर किए जा रहे सात निर्माणों को सील किया है। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। एमडीडीए की ओर से स्पष्ट किया गया है कि प्राधिकरण क्षेत्र में निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किए जाने चाहिए।

देहरादून में तेजी से बढ़ती आबादी और निर्माण गतिविधियों के बीच भवन निर्माण संबंधी नियमों का पालन कराना प्राधिकरण के लिए महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे में बिना स्वीकृति के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई को नियोजित शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्राधिकरण की ओर से भवन स्वामियों, कारोबारियों और निर्माणकर्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार का निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृति और अनुमति प्राप्त करें।

नियमों की अनदेखी करने पर सीलिंग समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और भवन निर्माण के निर्धारित मानकों का पालन कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *