हर शनिवार चलेगा स्वच्छता अभियान

देहरादून (SHABD)। बागेश्वर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अब हर शनिवार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन इस अभियान के जरिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़कर जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी में है। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के नेतृत्व में मंगल पैलेस से त्युनरा गधेरे तक सफाई अभियान चलाया गया। डीएम ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। हर शनिवार चलने वाले अभियान का उद्देश्य लोगों में नियमित सफाई की आदत विकसित करना है। उन्होंने घरों और दुकानों से निकलने वाला कूड़ा कूड़ेदान में रखने तथा नगरपालिका के कूड़ा संग्रहण वाहन को ही देने की अपील की। सार्वजनिक स्थानों, नदी-नालों और रास्तों में कूड़ा न फेंकने की हिदायत भी दी।

उन्होंने कहा कि सरयू नदी के घाटों, गधेरों, सार्वजनिक रास्तों और जलस्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखना सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता के प्रयासों से जहां नगर की सुंदरता बढ़ेगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी लोगों से निर्धारित स्थानों और कूड़ा संग्रहण वाहन में ही कूड़ा डालने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नगरपालिका चालानी कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *